March 7, 2026

फरीदाबाद में मारपीट और हत्या के प्रयास का मामला: एक आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लड़ाई-झगड़े और गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में एक आरोपी विद्याराम (निवासी मंझावली, फरीदाबाद) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-21A निवासी दिवांश ने पुलिस चौकी अनखीर में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 17/18 जनवरी की रात उसका भाई सार्थक उसे लेने के लिए संस्कृति ग्रीन समारोह स्थल के बाहर आया था। वहां पहले से ऋत्विक अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। सार्थक को देखते ही उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक युवक ने सार्थक का गला दबाया, जबकि दूसरे ने उसके चेहरे पर मुक्कों से हमला किया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सभी आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज किया गया।

जांच और पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी विद्याराम मुख्य आरोपी ऋत्विक का ड्राइवर है और उसने भी अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।