Faridabad/Alive News: लघु उद्योग भारती हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से गैर-कन्फर्मिंग जोन में चल रही औद्योगिक इकाइयों को नियमित करने की मांगों पर सकारात्मक प्रगति सामने आई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शुभादेश मित्तल ने बताया कि उनकी 7 प्रमुख मांगों को बजट में शामिल किया गया था तथा 25 दिसंबर 2025 को शुरू किए गए पोर्टल से लगभग 2 लाख सूक्ष्म व मध्यम उद्योगों को पंजीकरण व नियमित होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि 20-25 वर्ष पुराने उद्योगों को नियमित कर बुनियादी सुविधाएं व बैंकिंग पहुंच उपलब्ध कराने पर सरकार सकारात्मक रुख अपनाए हुए है और लगातार संवाद जारी है।
यह जानकारी उन्होंने लघु उद्योग भारती फरीदाबाद-बल्लभगढ़ के नवनियुक्त पदाधिकारियों के पदग्रहण समारोह में दी, जिसकी अध्यक्षता सह प्रांत कार्यवाह राकेश त्यागी ने की। कार्यक्रम में नई टीम की घोषणा करते हुए फरीदाबाद इकाई के लिए अमृतपाल कोच्छड़ (अध्यक्ष), दिनेश शर्मा (महासचिव), राजकुमार भगत (कोषाध्यक्ष) तथा बल्लभगढ़ इकाई के लिए श्रीकांत दमानी (अध्यक्ष), सुनील यादव (महासचिव), अजय शर्मा (कोषाध्यक्ष) नियुक्त किए गए। साथ ही राकेश कुमार गुप्ता को गुरुग्राम-मानेसर का प्रभारी बनाया गया।
कार्यक्रम से पूर्व न्यू लेबर कोड पर सेमिनार आयोजित हुआ, जिसमें एडवोकेट पी.एल. शर्मा ने वेतन संरचना, डिजिटल अनुपालन, ओवरटाइम और रोजगार प्रावधानों पर जानकारी दी। नवनियुक्त अध्यक्ष अमृतपाल कोच्छड़ ने हर माह 30 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा, जबकि श्रीकांत दमानी ने छोटे उद्योगों को सशक्त बनाने और सरकारी योजनाओं तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया।
समारोह में उद्योग संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों का सम्मान किया गया तथा धन्यवाद प्रस्ताव पूर्व अध्यक्ष रविभूषण खत्री ने प्रस्तुत किया।

