March 7, 2026

ईशा देओल ने कहा – पापा धर्मेंद्र ठीक हैं, निधन की खबरें झूठी हैं

Delhi/Alive News: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (89) के निधन की खबरें मंगलवार सुबह सोशल मीडिया और कुछ मीडिया चैनलों पर चलने लगीं। लेकिन उनकी बेटी ईशा देओल ने इन खबरों को गलत बताया है।

ईशा ने सोशल मीडिया पर लिखा –
“मीडिया पूरी तरह गलत खबरें फैला रहा है। पापा की हालत स्थिर है और वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। हम सब से अनुरोध है कि हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें और पापा की जल्दी सेहतमंदी के लिए दुआ करें।”

धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी ने भी इन झूठी खबरों पर नाराजगी जताई। उन्होंने लिखा –

“जो हो रहा है, वह बेहद गलत है। जिम्मेदार चैनल किसी बीमार व्यक्ति के बारे में ऐसी झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं? यह बहुत असम्मानजनक और गैर-जिम्मेदाराना है। कृपया परिवार की निजता का सम्मान करें।”

दरअसल, मंगलवार सुबह धर्मेंद्र के निधन की खबर आने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर शोक जताया था, लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने अपनी पोस्ट हटा दी।

जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र को सोमवार (10 नवंबर) को सांस लेने में परेशानी के कारण ब्रीच कैंडी अस्पताल, मुंबई में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत स्थिर न रहने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। डॉक्टरों ने कहा है कि अगले 72 घंटे महत्वपूर्ण हैं।

परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, उनकी बेटियों को विदेश से मुंबई बुला लिया गया है। सनी देओल और बॉबी देओल दोनों अस्पताल पहुंचे। कई बॉलीवुड सितारे, जैसे शाहरुख खान और सलमान खान, भी देर रात धर्मेंद्र से मिलने अस्पताल पहुंचे।

धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर को भी सांस लेने में दिक्कत होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत सुधरने पर कुछ घंटों में ही डिस्चार्ज कर दिया गया था।

इस साल की शुरुआत में उनका कॉर्निया ट्रांसप्लांट (आंख का ऑपरेशन) भी हुआ था। 2015 से 2020 के बीच उन्हें कई बार पीठ दर्द और कमजोरी की शिकायत के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।