May 12, 2024

ईपीएफओ विभाग ने दिल्ली पब्लिक स्कूल से वसूली 18,41,556 रूपए की धन राशि

Faridabad/Alive News: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की फरीदाबाद शाखा ने ग्रेटर फरीदाबाद (ग्रेफ) स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) को संचालित करने वाले हनुमंत फाउंडेशन से 18,41,556 की राशि वसूल की है। कंपनियों से वसूली के लिए कर्मचारी भविष्य निधि की ओर से दिसंबर 2023 से मार्च 2024 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (2) केसांग नामथक तेनजिंग ने बताया कि शहर में लगभग 28 हजार कंपनियों में भारी संख्या में कर्मचारी काम करते हैं। कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय में पंजीकृत कंपनियों को प्रतिमाह कर्मचारी के वेतन का 12 प्रतिशत 15 तारीख तक जमा करना होता है, लेकिन कई कंपनियां समय पर प्रोविडेंट फंड (पीएफ) जमा नहीं करती हैं। ऐसे कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है। इसको लेकर कंपनियों को खिलाफ पर जुर्माना भी लगाया जाता है।

अधिकारी के मुताबिक 2 महीनों की राशि बकाया होने पर 5 प्रतिशत, 2-4 महीने की राशि बकाया होने पर 10 प्रतिशत और 4-6 महीने की राशि बकाया होने पर 15 प्रतिशत तथा महीने दर महीने बकाया राशि पर ब्याज बढ़ता चला जाता है। इसके अतिरिक्त कंपनियों को ब्लैकलिस्ट और केस दर्ज किया जाता है। सभी कंपनियों को समय प्रोविडेंट फंड (पीएफ) जमा करने के लिए जागरूक भी किया जाता है।

हनुमंत फाउंडेशन से बकाया 18,41,556 राशि वसूली
डीपीएस (ग्रेफ) को संचालित करने वाले हनुमंत फाउंडेशन से ईपीएफ बकाया के विलंबित भुगतान के लिए हर्जाना और ब्याज राशि की वसूली की गई है। हनुमंत फाउंडेशन पर मई 2022 से मई 2023 तक 18,41,556 राशि बकाया थी, कंपनी से ब्याज और बकाया राशि की वसूल की गई है। कई बार हिदायत के बाद भी समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा था, सोमवार को अधिकारियों ने रिकवरी की। अधिकारियों के अनुसार बकाया राशि का समय पर भुगतान बेहद जरूरी है। विलंबित भुगतान के लिए हर्जाना और ब्याज वसूलने से नियमों का अनुपालन बनाए रखने में मदद मिलती है और कर्मचारियों की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित होती है।