April 24, 2024

मानव रचना में किया गया पर्यावरण युवा संसद 2022 का आयोजन

Faridabad/Alive News : स्वामी विवेकानंद की जयंती पर राष्ट्रीय युवा दिवस 2022 के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि ने भारत के विश्वविद्यालयों के सहयोग से राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद (एनईवाईपी) 2022 का आयोजन किया। इस वर्ष मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च और स्टडीज़ को नेशनल होस्ट यूनिवर्सिटी के रूप में चुना गया था। एनईवाईपी का समापन आज विश्वविद्यालय में ऑनलाइन मोड में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर मानव रचना के लगभग 40 छात्रों ने हिस्सा लिया। इन छात्रों का चयन यूनिवर्सिटी में आयोजित स्क्रीनिंग राउंड के बाद किया गया था। प्रतियोगिता के एक भाग के रूप में, छात्रों ने ‘वायु प्रदूषण और इसके शमन’ विषय पर समूह चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लिया।

डॉ. एन. सी. वाधवा, सेवानिवृत्त आईएएस, महानिदेशक, मानव रचना एजुकेशनल इंस्टीटूशन, ने अपने बहुमूल्य विचार साझा किए। उन्होंने आज के युवाओं के लिए इस तरह के विचार-विमर्श का महत्व बताया। उन्होंने छात्र समुदाय से पर्यावरण के प्रति अधिक सतर्क रहने का आग्रह किया, और बताया कि कैसे युवा स्थिति को संवेदनशील बना सकते हैं और पर्यावरण संरक्षण के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में काम कर सकते हैं।

डॉ. पूजा खुराना, सदस्य, मैनेजिंग टीम एनईवाईपी 2022, एमआरआईआईआरएस ने एनईवाईपी 2022 पर रिपोर्ट प्रस्तुत की और छात्रों के साथ फिनाले की आचार संहिता साझा की।

कुल 31 छात्र फिनाले का हिस्सा थे, जिसमें 12 छात्रों को इस दौर में विजेताओं के रूप में चुना गया है, जो कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में क्षेत्रीय स्तर पर भाग लेंगे।