March 12, 2026

घर में घुसकर फायरिंग और मारपीट, तीन गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

Faridabad/Alive News: गाजीपुर रोड, डबुआ कॉलोनी में घर में घुसकर गोली चलाने और मारपीट करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 8 सितंबर की सुबह करीब 4:45 बजे की है, जब शिकायतकर्ता आकाश बैंसला अपने घर पर सो रहा था।

शिकायत के मुताबिक, कमल भड़ाना और 6-7 लोग घर में घुसे और दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। दरवाजा न टूटने पर कमल ने खिड़की से आकाश पर दो फायर किए, लेकिन वह बच गया। शोर सुनकर उसकी मां आईं तो आरोपियों ने उनके सिर और पैरों में चोट मार दी। इस पर थाना डबुआ में हत्या के प्रयास, मारपीट और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर डबुआ कॉलोनी से कमल के भाई परविंदर भड़ाना, जितेंद्र भड़ाना (गांव पावटा मोहताबाद निवासी) और राशिद (मैनपुरी, यूपी निवासी) को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी कमल भड़ाना पहले से जेल में बंद है और वहीं शिकायतकर्ता से उसका विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उसने अपने भाई और साथियों के साथ हमला करने की योजना बनाई।

अदालत ने परविंदर और जितेंद्र को जेल भेज दिया, जबकि राशिद को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब भी मुख्य आरोपी कमल और अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।