July 2, 2026

वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: सोमवार को फरीदाबाद सर्कल की बल्लभगढ़ डिवीजन के आधीन आने वाली ऊंचा गांव मलेरना रोड स्थित सबडिवीजन सिटी-वन में हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन के बैनरतले कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता सबयूनिट के प्रधान बिजेन्दर सिंह ने किया।

बल्लभगढ़ यूनिट के प्रधान मदन गोपाल सहित यूनिट के सचिव सुरेन्दर शर्मा ने बताया कि मनोज कुमार सहायक लाइनमैन की नौ महीने से सैलरी ना मिलने से सिटी वन दफ्तर के तमाम कर्मचारियों में भारी रोष है। एचएसईबी वर्कर यूनियन के नेताओं ने कई बार एसडीओ व एक्सईएन से मिलकर इस गम्भीर समस्या से अवगत कराया लेकिन अधिकारियों की ओर से हर बार आश्वासन दिया गया लेकिन समस्या जस के तस है।

वहीं ओल्ड फरीदाबाद डिवीजन के आधीन आने वाली सबडिवीजन मथुरा रोड पर कार्यरत संदीप कुमार सहायक लाइनमैन का भी है। जिसे भी काफी दिन बीत गए हैं अभी तक सैलरी नही दी गयी है। अगर यही हाल रहा तो बिजली कर्मचारी लामबंद होकर अपने साथी के साथ हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ प्रदर्शनरत होने को विवश होंगे। सिटी वन दफ्तर के इस विरोध में सुरेन्दर सिंह बिसला, राकेश कुमार, राजबीर शर्मा, अनिल, दिगम्बर सिंह, सुरेन्दर, राहुल, सुरेश सहित अन्य मौजूद रहे।