Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-18 ओल्ड फरीदाबाद स्थित हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (एचवीपीएन) के सर्कल कार्यालय के ए-4 टीएस परिसर में आज बिजली कर्मचारियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर नीति के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हरियाणा कर्मचारी महासंघ से जुड़ी हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन (हेड ऑफिस भिवानी-292) के बैनर तले किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता टीएस सर्कल सचिव धर्मेंद्र ने की।
प्रदर्शन के दौरान एनआईटी फरीदाबाद यूनिट के प्रधान लेखराज चौधरी ने मंच संचालन करते हुए बताया कि पूरे प्रदेश में इस नीति के खिलाफ कर्मचारियों का आंदोलन चल रहा है। आंदोलन के अगले चरण में 30 दिसंबर 2025 को फरीदाबाद से बड़ी संख्या में कर्मचारी उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के मुख्यालय सेक्टर-14 पंचकूला कूच कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
राज्य कमेटी के नेता और स्टेट चीफ ऑर्गनाइजर विनोद शर्मा ने कहा कि यह ऑनलाइन ट्रांसफर नीति कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है, जिसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नीति को बनाते समय निगम प्रबंधन ने कर्मचारियों के हितों का प्रतिनिधित्व करने वाली यूनियन से कोई बातचीत नहीं की।
यूनियन नेताओं ने साफ कहा कि वे इस नीति को किसी भी हाल में लागू नहीं होने देंगे। यदि निगम प्रबंधन समय रहते निर्णय वापस नहीं लेता है, तो आने वाले समय में प्रदेशभर के कर्मचारी हड़ताल पर जाने को मजबूर हो सकते हैं।
इस प्रदर्शन में ग्रेटर फरीदाबाद के प्रधान सुनील चौहान, बीरसिंह, मामचंद, सुभाष पहल, अमरचंद, राजेश शर्मा, मदनगोपाल, सुरेंद्र कौशिक, मुकेश शर्मा, राजेश कुमार, परवीन शर्मा, योगेंद्र रावत, महेंद्र ठाकुर, वीरसिंह रावत, दीपक, सत्यवान लोहचब, जगजीत, प्रीतम सिंह, लालकिशन सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

