October 21, 2026

तीन दिन की हड़ताल से पहले बिजली कर्मचारियों ने दिखाई एकजुटता, सेक्टर-23 में फूंके पुतले

Faridabad/Alive News: प्रदेश में 22 से 24 अक्टूबर तक प्रस्तावित बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल से पहले फरीदाबाद में कर्मचारी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी ताकत दिखाई। मंगलवार को सेक्टर-23 स्थित डीएचबीवीएन सर्कल कार्यालय परिसर में हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले कर्मचारी जुटे। यहां केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और एचईआरसी के चेयरमैन मुकेश गर्ग के पुतले फूंककर सरकार के खिलाफ रोष जताया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार ने कर्मचारी यूनियनों से किए गए वादे पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने आगामी तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर भाग लेने की अपील की।

दो घंटे तक चला विरोध प्रदर्शन

फरीदाबाद सर्कल सचिव लेखराज चौधरी ने बताया कि प्रदर्शन में बिजली निगम के कर्मचारी, अधिकारी, जूनियर इंजीनियर और इंजीनियर शामिल हुए। सुबह 11 बजे से कर्मचारी कार्यालय परिसर में जुटने लगे और दोपहर एक बजे तक विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद जुलूस निकालकर पुतला दहन किया गया। कर्मचारियों ने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

कई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रदर्शन की अध्यक्षता एएचपीसी वर्कर यूनियन के सर्कल सचिव कृष्ण कालीरमन ने की, जबकि मंच संचालन एचएसईबी वर्कर यूनियन के सर्कल सचिव लेखराज चौधरी ने किया। कार्यक्रम में ऑल इंडिया फेडरेशन के अध्यक्ष सुभाष लांबा, एसकेएस के प्रधान नरेश शास्त्री, एचएसईबी वर्कर यूनियन के प्रदेश चीफ ऑर्गनाइजर विनोद शर्मा, राज्य कमेटी के उपप्रधान सुनील चौहान, इंजीनियर एसोसिएशन के प्रधान संदीप प्रताप भाटी, अध्यानंद तिवारी, सुनील चावला और मनोज जाखड़ समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कर्मचारियों से 22, 23 और 24 अक्टूबर की हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।