September 15, 2026

बिजली विभाग ने मोहना के झिलाका गांव में 10 साल पहले डाली थी 11 केवी की लाइन, अब तक नही जोड़ा कनेक्शन

Faridabad/Alive News: बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा मोहना के झिलाका गांव के लोग पिछले 10 साल से भुगत रहे हैं। मोहना के झिलाका गांव में 10 साल पहले 11 केवी की बिजली की लाइन डाली गई थी लेकिन उसका आज तक कनेक्शन नहीं जोड़ा गया। बिजली विभाग की इस लापरवाही का खामियाजा लोगों को बिजली कटौती से झेलना पड़ रहा है। गांव के किसान शिकायत लेकर बिजली निगम एसई के पास पहुंचे थे और समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों की सुनने के बाद मौके पर एसई जितेंद्र सिंह ढुल ने संबंधित एसडीओ को फटकार लगाकर जल्द समाधान करने के निर्देश दिये।

किसानों का कहना है कि यहां छांयसा फीडर से बिजली लाइन डाली गई है जो मोहना के साथ झिलाका गांव में बिजली सप्लाई करती है। ऐसे में उस लाइन पर अधिक लोड पड़ रहा है, जिससे बिजली कटौती की समस्या गांव में बनी रहती है।

निवासी रघुनाथ और कुंवर पाल ने बताया कि यहां 10 साल पहले फीडर से 11 हजार वॉल्ट की दूसरी लाइन डाली गई थी। जो किसानों के खेतों के ऊपर से जा रही है, लेकिन यह लाइन केवल दिखावा मात्र ही रह गई है। क्योंकि इसका कनेक्शन जोड़ा ही नहीं गया है। पहली बिजली लाइन पर ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई है। बार-बार लंबे बिजली कट लगने से किसान ट्यूबवेल मोटर नहीं चला पा रहे है। इससे फसल पर असर पड़ रहा है।

साथ ही मोहना और झिलाका गांव के करीब 25 हजार लोगों को गर्मी में बिजली कटौती की परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां 24 घंटे में से केवल तीन घंटे ही बिजली मिल रही है। इसकी शिकायत पिछले 10 साल से निगम अधिकारियों से कर रहे है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारी ट्रांसफर होकर बदल जाते है, लेकिन समस्या ठीक होने का नाम नहीं ले रही है। इसकी शिकायत लेकर एसई जितेंद्र सिंह ढुल को की है, जिस पर एसई ने एसडीओ को फटकार लगाकर समाधान करने के आदेश दिए है।