March 10, 2026

बुजुर्ग दंपत्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या, 25 मिनट तक रुकी रही उत्कल एक्सप्रेस

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के न्यूटाउन रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक बुजुर्ग दंपत्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उनकी पहचान कराने की कोशिश कर रही है।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 5 बजे एक बुजुर्ग दंपत्ति न्यूटाउन रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। दोनों कुछ देर तक प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर टहलते हुए नजर आए। इसी दौरान शाम करीब 5 बजकर 5 मिनट पर ऋषिकेश से पुरी जा रही कलिंग उत्कल एक्सप्रेस स्टेशन से गुजर रही थी।

बताया जा रहा है कि ट्रेन के नजदीक आते ही दोनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़ा और अचानक ट्रेन के आगे कूद गए। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

जांच अधिकारी धनीराम के अनुसार मृतक पुरुष की उम्र करीब 60 साल के आसपास है। उसने लाल-सफेद रंग का लाइनदार कुर्ता और स्लेटी रंग की पैंट पहनी हुई थी। वहीं मृतक महिला ने मैरून रंग का सलवार-सूट पहना हुआ था और उसके पास सफेद रंग की चुन्नी मिली है।

आरपीएफ के जांच अधिकारी एएसआई धर्मवीर ने बताया कि ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण कलिंग उत्कल एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक मुख्य लाइन पर खड़ी रही। बाद में जीआरपी ने शवों को ट्रैक से हटाया, जिसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे ट्रेन को मथुरा की ओर रवाना कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।