March 14, 2026

डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में “विश्व सभ्यताओं का जनक भारत” विषय पर शैक्षिक गोष्ठी आयोजित

Faridabad/Alive News: डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के संस्कृत एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “विश्व सभ्यताओं का जनक भारत” विषय पर एक शैक्षिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राचीन ज्ञान शोध समिति, इंदौर के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश चंद्र शर्मा और उपाध्यक्ष रोहतास शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

डॉ. अखिलेश चंद्र शर्मा ने अपने व्याख्यान में कहा कि विभिन्न ऐतिहासिक स्रोतों और परंपराओं के अनुसार मानव सभ्यता का प्रारंभ हिमालय क्षेत्र से माना जाता है, जहां से मानव विश्व के अन्य भागों में फैला। उन्होंने ईरान के इतिहास से उदाहरण देते हुए बताया कि 1979 से पहले कुछ पाठ्यक्रमों में यह उल्लेख मिलता था कि उनके पूर्वज हिमालय क्षेत्र से ईरान पहुंचे थे।

गोष्ठी में विद्यार्थियों ने मानव उत्पत्ति और आर्यों के आगमन जैसे विषयों पर प्रश्न भी पूछे, जिनका वक्ताओं ने विस्तार से उत्तर दिया। कार्यक्रम में लगभग 68 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के आयोजन में संस्कृत विभाग के सहायकाचार्य डॉ. अमित शर्मा और इतिहास विभाग की सहायकाचार्या कमलेश सैनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डॉ. अमित शर्मा ने अतिथियों का अभिवादन किया, जबकि कमलेश सैनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. सुनीता डूडेजा, रचना कसाना, मीनाक्षी आहूजा और प्रमोद कुमार सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।