March 7, 2026

पूर्व कैबिनेट मंत्री के आवास पर ईडी की छापेमारी, जांच जारी

Faridabad/Alive News: हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह के फरीदाबाद स्थित सैनिक कॉलोनी आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी जारी है। गुरुवार सुबह ईडी की टीम चार वाहनों में उनके निवास पर पहुंची और जांच शुरू की।

सूत्रों के अनुसार, ईडी अधिकारियों ने घर के सभी सदस्यों को भीतर ही रहने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल आवास के अंदर संपत्ति और बैंक खातों से जुड़े लेन-देन की जांच की जा रही है। कार्रवाई में ईडी के 15 से 17 अधिकारी शामिल हैं, जिनके साथ पुलिस और अर्धसैनिक बल भी तैनात है।

चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह हरियाणा की राजनीति का जाना-माना चेहरा रहे हैं। वे नौ बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं और पांच बार विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 1991 से 1996 तक वे चौधरी भजनलाल की सरकार में, जबकि 2009 से 2014 तक चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे।

महेंद्र प्रताप सिंह 2024 के लोकसभा चुनाव में फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार थे, हालांकि उन्हें भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। वहीं, उनके पुत्र विजय प्रताप सिंह ने 2024 के विधानसभा चुनाव में बड़खल सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था।

सूत्रों के मुताबिक महेंद्र प्रताप सिंह और उनके पुत्रों के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति दर्ज है, हालांकि ईडी की यह कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल जांच जारी है और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।

पूर्व मंत्री के आवास पर ईडी की कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है, हालांकि जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।