May 6, 2024

ईक्रो ग्रीन का विरोध करेगें नगरपालिका कर्मचारी संघ

Faridabad/Alive News : नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने कल 14 दिसम्बर को नगर निगम सभागार में ईक्रो ग्रीन कम्पनी द्वारा निगम क्षेत्र में घर-घर से कूड़ा उठाने का शुभारंभ पर व वेतन देने की मांग को लेकर विरोध करने का फैसला लिया हैं। ईक्रो ग्रीन कम्पनी के अधिकारी व निगम अधिकारी जब निगम सभागार में वाहनों को झण्डी दिखाकर शुभारंभ करेगें, तभी निगम के कर्मचारी निगम सभागार का घेराव चीनी की कम्पनी ईक्रो ग्रीन वापिस जाओ के नारे लगाकर विरोध-प्रदर्शन करेगें।

गौरतलब है कि नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के तत्वाधान में निगम मुख्यालय पर पिछले नौ दिनों से निजी तौर पर घरों में सफाई करने व कूड़ा उठाने वाले मजदूर अपने रोजगार को बचाने के लिए आन्दोलनरत है। ईक्रो ग्रीन कम्पनी के काम संभालने से यह सफाई मजदूर बेरोजगार हो जाएगें। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा नगर निगम प्रशासन व सरकार से निजी तौर पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को ईक्रो ग्रीन द्वारा काम पर रखने व हरियाणा सरकार का ग्रेड देने व ईएसआई, ईपीएफ लागू करने की मांग कर रहा है। आज भी निगम मुख्यालय पर आज भी नगर निगम मुख्यालय पर नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री की अध्यक्षता में विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

शास्त्री ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि नगर निगम में कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने के लिए कोई भी अधिकारी तैयार नहीं। इसी कारण निगम कर्मचारियों को मजबूर होकर आए दिन आन्दोलन करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि निगम अधिकारियों द्वारा आऊटसोर्सिंग पॉलिसी-1 में लगे 688 कर्मचारियों को नगर निगम रोल पर रखने, लाइन नम्बर तीन मंझावली पर कार्यरत 22 ट्यूबवैल आपरेटरों की सेंशन देने, समान काम-समान वेतन देने की मांग को निगमायुक्त, अतिरिक्त निगमायुक्त द्वारा जायज व न्यायोचित मांग बताते हुए संघ को जल्द ही उक्त मांगों को समाधान करने का भरोसा दिलाया था, लेकिन आज तक भी निगम के कर्मचारी इन्हीं मांगों को लेकर निगम मुख्यालय पर संघर्ष कर रहे है।

आज के प्रदर्शन में अन्य के अलावा कर्मी नेता श्रीनंद ढकोलिया, सोमपाल झिझोटिया, सतीश पहलवान, सतपाल मेंढवाल, परशराम अधाना, रामकिशोर त्यागी, राजू मंढोतिया, प्रेमपाल, दलीप प्रेमी, बिशनस्वरूप तेवतिया, महेश मंगू, बिल्लू चिंडालिया, कृष्ण चिंडालिया, देवेन्द्र मंझावली, सुदेश कुमार, महिला नेता ब्रजवती, कमला, माया, ललिता, कमलेश आदि ने भी सम्बोधित किया।