Faridabad/Alive News: हरियाणा राज्य औद्योगिक व अवसंरचना विकास निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा फरीदाबाद के आवासीय व वाणिज्यिक सेक्टरों में औद्योगिक विस्तार हेतु लगभग 9 हजार एकड़ भूमि ई-भूमि पोर्टल (https://ebhoomi.jamabandi.nic.in) के माध्यम से खरीदने की प्रक्रिया शुरू की है। यह योजना 31 अगस्त 2025 तक जारी रहेगी। इच्छुक किसान व भूमि धारक ऑनलाइन पंजीकरण कर भूमि का विवरण, दस्तावेज व मूल्य अपलोड कर सकते हैं। भुगतान विभागीय मानकों के अनुसार पारदर्शी व त्वरित प्रक्रिया से किया जाएगा।
तिगांव के अंतर्गत 9 हजार एकड़ भूमि खरीदने का लक्ष्य
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार को गति देने के लिए भूमि क्रय प्रक्रिया अब पूरी तरह पारदर्शी और त्वरित बनाई गई है। इसके तहत ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से आवश्यक भूमि खरीदी जाएगी। इस कदम से न केवल विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि किसानों व भूमिधारकों को भी उचित मूल्य एवं सरल प्रक्रिया का लाभ मिलेगा। सरकार का यह प्रयास औद्योगिक निवेश बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
इस योजना के तहत फरीदाबाद के मोहना, मोहियापुर, छायंसा, भागपुरकला, भागपुरखुरद, हंसापुर, सोलाद, थानसारी और भोलरा गांवों की 9 हजार एकड़ भूमि खरीदी जाएगी।
ई-भूमि पोर्टल भूमि अधिग्रहण हेतु 19 अगस्त 2025 को तहसील तिगांव के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गावों में ग्यारह बजे से शाम पांच बजे तक कैंप आयोजित किए जाएंगे।

