October 16, 2024

जीवा में बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया गया दशहरे का त्योहार

Faridabad/Alive News: सैक्टर 21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में छात्रों ने दशहरे का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया। विद्यालय के किंडरगार्टन से लेकर बारहवीं तक के छात्रों ने भाग लिया। विद्यालय में प्रातःकाल सभा के दौरान छात्रों ने परम्परागत तरीके से एवं पूर्ण श्रद्धा के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया। सर्वप्रथम छात्रों ने देवी दुर्गा की स्तुति की व श्री राम के भजनों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया, शारदीय नवरात्रि भगवान राम के द्वारा की गई।

माँ दुर्गा की अराधना का प्रतीक माना जाता है। संपूर्ण भारत में शरद नवरात्रि को शक्ति की उपासना एवं अधर्म की पराजय व धर्म की विजय के रूप में मनाया जाता है। विद्यालय के प्राइमरी के छात्रों ने रंग बिरंगे परम्परागत भारतीय वेशभूषा के
साथ दवी दुर्गा को समर्पित भजन व गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर छात्रों ने अत्यंत आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए, छात्रों ने रामायण के सीता हरण के खंड का भी संक्षेप में मंचन किया जो वास्तव में आकर्षण का केंद्र रहा साथ ही छात्रों ने क्रोध
व लोभ इत्यादि के त्याग का संदेश दिया।

उच्च कक्षाओं में भी छात्रों ने प्रार्थना सभा के दौरान दशहरे के त्योहार की विशेषताओं एवं महत्व पर विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में अपनी संस्कृति एवं परम्पराओं का आदर ,सम्मान व माता पिता के प्रति कर्त्तव्य पालन करने की भावनाओं का समावेश करना है, वहीं विद्यालय के छात्रों ने इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज को अद्भुत व उच्च कोटि का संदेश दिया। बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया। छात्रों ने बताया कि बुराई कितनी भी प्रबल और शक्तिशाली क्यों न हो पर सत्य और अच्छाई के समक्ष अवश्य ही परास्त होती है।

आज के संदर्भ में छात्रों द्वारा प्रस्तुत यह कार्यक्रम हम सभी को सिखाता है कि हमारे विचार उच्च होने चाहिए तभी हम कार्यों को सुचारु ढंग से संपन्न कर सकते है। बस हमारे मन में लगन, दृढ़ संकल्प की भावना एवं आत्मविश्वास होनी चाहिए। विद्यालय के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान ने दशहरे के उपलक्ष्य पर सभी को संदेश दिया कि देवी दुर्गा समस्त जगत का कल्याण करें। उन्होंने कहा कि हमें निःस्वार्थ भाव से सेवा करनी चाहिए यही भावना वास्तव में धर्म है। विद्यालय की उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान ने भी सभी को इस सुअवसर पर शुभकामनाएं दी।