May 5, 2024

पुराने विवाद के चलते युवक ने दो बहनों पर किया चाकू से हमला, एक की मौत

Chandigarh/Alive News : फतेहाबाद की भाटिया कॉलोनी में रहने वाली दो बहनों पर गांव दौलतपुर के युवक ने चाकू से हमला कर दिया। इनमें से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी लड़की की गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। हमले का कारण पुराना विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल शहर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार भाटिया कॉलोनी निवासी सुरेश तनेजा अपने बेटे सन्नी तनेजा के साथ दिल्ली में जूतों की फैक्टरी चलाते हैं। सुरेश तनेजा की दो बेटियां भी हैं, इनमें 24 वर्षीय प्रिया तनेजा और 22 वर्षीय योगिता तनेजा शामिल हैं। इनमें से प्रिया चंडीगढ़ में प्राइवेट जॉब करती है जबकि योगिता चंडीगढ़ के एसडी कॉलेज से बीए ऑनर्स में ग्रेजुएशन कर रही है। दोनों बेटियां घर आई हुई थी।

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर को गांव दौलतपुर निवासी युवक आया और इन युवतियों पर चाकू से हमला कर फरार हो गया। शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों युवतियों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 22 वर्षीय योगिता को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रिया को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।