Faridabad/Alive News: जिले के बादशाह खान सिविल अस्पताल परिसर में अब अलग-अलग स्थानों पर शव वाहन की उपलब्धता से संबंधित सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि मृत्यु की स्थिति में परिजन आसानी से शव वाहन की जानकारी प्राप्त कर सकें और शव को घर तक ले जा सकें।
अक्सर जानकारी के अभाव में परिजनों को शव वाहन उपलब्ध नहीं हो पाता, जिससे उन्हें मजबूरी में निजी साधनों का सहारा लेना पड़ता है। हाल ही में सिविल अस्पताल में ऐसी ही एक दर्दनाक घटना सामने आई थी। सारन निवासी टीबी पीड़िता सुमित्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पहले से आर्थिक तंगी झेल रहे परिजन शव वाहन या एम्बुलेंस का खर्च नहीं उठा सके और अस्पताल प्रबंधन से अनुरोध के बावजूद सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई। मजबूरन परिजनों को शव हाथगाड़ी पर घर ले जाना पड़ा।
घटना के बाद डिप्टी चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. एमपी सिंह ने शुक्रवार को अस्पताल प्रबंधन को पत्र लिखकर कंट्रोल रूम के माध्यम से शव वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव को भी अस्पताल परिसर में शव वाहन सेवा से संबंधित सूचना बोर्ड लगाने का अनुरोध किया।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव बिजेंद्र सौरत ने बताया कि अस्पताल परिसर में शव वाहन सेवा की व्यवस्था मौजूद है और इसके प्रचार-प्रसार के लिए सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। जरूरतमंद नागरिक सिविल अस्पताल की एम्बुलेंस सेवा के कंट्रोल रूम से संपर्क कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

