October 1, 2024

ड्रोन सर्वे में हुआ खुलासा, अरावली वन क्षेत्र में बसी मिली 113 अवैध कॉलोनियां

Faridabad/Alive News : अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की तरफ से करवाए गए ड्रोन सर्वे में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। ड्रोन सर्वे में अधिकारियों को अरावली वन क्षेत्र में खोरी की तरह लगभग 113 अवैध कॉलोनियां बसी हुई मिली है। जिसके बाद नगर निगम की टीम ने अवैध कॉलोनियों की मौके पर जाकर भौगोलिक वास्तिवक रिपोर्ट की जांच की है।


नगर निगम सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निगम अधिकारियों ने इन अवैध कालोनियों को नियमित करने के लिए सरकार को अभी इनकी रिपोर्ट नहीं भेजने का फैसला किया है। वहीं अवैध कॉलोनी की पहचान करके नियमित करने की प्रक्रिया में अरावली को शामिल करने के बाद टाउन एंड कंट्री प्लांनिग विभाग के ड्रोन सर्वे पर भी सवाल खड़े हो रहे है।


सूत्रों के मुताबिक टाउन एंड कंट्री प्लांनिग विभाग की तरफ से भौगोलिक वास्तविकता जानने के लिए 359 कॉलोनियों की सूची नगर निगम को भेजी गई है। नगर निगम टीम द्वारा इस सूची की जांच की जा रही है। नगर निगम कर्मचारियों ने इनमें 113 कॉलोनियों को अरावली के राजस्व रिकॉर्ड में पाया है, इस जमीन को वन आरक्षित घोषित किया गया है। सूत्रों का कहना है कि टाउन एंड कंट्री प्लांनिग विभाग ने अरावली में बसी कॉलोनियों को कैसे रिपोर्ट में शामिल कर लिया, यह जांच का विषय है।