Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच एवीटीएस की टीम ने पिकअप चोरी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सुभाष नामक व्यक्ति ने थाना डबुआ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने 20 अक्टूबर की रात अपनी पिकअप गाड़ी डबुआ पाली रोड स्थित अपने ऑफिस चौधरी टेम्पो सर्विस के बाहर खड़ी की थी। सुबह देखा तो गाड़ी वहां से गायब थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच एवीटीएस टीम को गुप्त सूचना मिली कि चोरी में ऑफिस में काम करने वाला व्यक्ति ही शामिल है। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजनाथ (35), निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि राजनाथ पिछले दो साल से शिकायतकर्ता के पास ही गाड़ी चलाने का काम करता था और उसी ने 20 अक्टूबर की रात पिकअप लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

