March 7, 2026

डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना: आवेदन में त्रुटियां 5 मार्च तक करें ठीक

Faridabad/Alive news: जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों को सूचित किया है कि डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति (संशोधित) योजना के तहत किए गए कुछ ऑनलाइन आवेदनों में त्रुटियां. पाई गई हैं। इन गलतियों को सुधारने के लिए छात्रों को 5 मार्च 2026 तक का समय दिया गया है।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि यह योजना सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग, हरियाणा द्वारा संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करना और उन्हें शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देना है।

जिला कल्याण अधिकारी ममता शर्मा ने कहा कि आज के बढ़ते प्रतिस्पर्धात्मक दौर में अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग, विमुक्त घुमन्तु, टपरीवास तथा अन्य वर्गों के छात्र-छात्राओं को मजबूत बनाने के लिए यह योजना लागू की गई है। यह योजना मैट्रिक से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देती है।

उन्होंने बताया कि जिन छात्रों के आवेदन में दस्तावेज या जानकारी अधूरी थी, उनके आवेदन ऑनलाइन वापस भेज दिए गए हैं। ऐसे छात्र अपने पुराने आवेदन में ही आवश्यक सुधार करें और दोबारा पोर्टल पर जमा करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, वे नया आवेदन न करें, बल्कि उसी आवेदन में त्रुटियां सुधारें ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके। अधिक जानकारी के लिए छात्र जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या 408-409, चौथी मंजिल, लघु सचिवालय, सेक्टर-12, फरीदाबाद में संपर्क कर सकते हैं।