March 7, 2026

परीक्षा को दबाव नहीं, बल्कि अपने ज्ञान और मेहनत को परखने का अवसर समझें: राजेश भाटिया

Faridabad/Alive News: श्री सनातन धर्म महाबीर दल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आज दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के बोर्ड परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उत्कृष्ट सफलता की कामना से विधिवत हवन–यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा को दबाव नहीं, बल्कि अपने ज्ञान और मेहनत को परखने का अवसर समझना चाहिए। नियमित अभ्यास, सकारात्मक सोच और समय प्रबंधन सफलता की कुंजी है।

उन्होंने आगे कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन निरंतर प्रयास और सकारात्मक दृष्टिकोण से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव उनके साथ खड़ा है।

हवन–यज्ञ के माध्यम से ईश्वर से सभी परीक्षार्थियों के लिए मानसिक शांति, एकाग्रता और सफलता की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।

इस अवसर पर विद्यालय के पदाधिकारी जनक भाटिया, मनोज कुमार रतड़ा, रंजय भाटिया, सचिन भाटिया सहित अनेक शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।