May 6, 2024

खुद का इलाज करने की कोशिश न करें, हमेशा डॉक्टर से लें सलाह: डॉ ब्रह्मदीप

Palwal/Alive News: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ब्रह्मदीप ने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। इसलिए सभी लोग वैक्सीन जरूर लगवाएं। उन्होंने वैक्सीन लगवाने पहुंचे लोगों से उनका हाल-चाल जाना और सभी को अपने परिवारजन के साथ वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित भी किया।

डॉक्टर ब्रह्मदीप ने कहा कि आज कोरोना दुनिया के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। स्वास्थ्य विभाग पलवल भी स्थिति नियंत्रण रखते हुए अपनी अच्छी सेवाओं का परचम लहराते हुए लोगों को जागरूक करने का कार्य भी कर रहा है व उनके अंदर आत्मविश्वास भी भर रहा है। सिविल सर्जन डॉक्टर ब्रह्मदीप ने कहा कि भारतीय वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है।

इसलिए वैक्सीन लगवाने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग आगे आएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों में आत्मविश्वास के साथ-साथ कोरोना से लड़ने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। डॉक्टर ब्रह्मदीप ने लोगों में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए कहा कि इन दिनों पूरा देश कोविड- 19 की दूसरी लहर से लड़ रहा है।

हमें देश का जिम्मेदार नागरिक होने के नाते कोविड बिहेवियर रूल्स अपनाते हुए वैक्सीन के लिए आगे बढऩा चाहिए और ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीनेसन कराने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हृदय रोगियों, शुगर के मरीजों को ज्यादा से ज्यादा सतर्क रहना होगा। तीसरी लहर से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग पलवल द्वारा सारे इंतजाम कर दिए गए हैं।