August 25, 2026

बड़खल रोड पर जिला खनन अधिकारी ने की लोडिंग वाहनों की जांच

Faridabad/Alive News : सोमवार को जिला खनन अधिकारी कमलेश बिधलान के नेतृत्त्व में खनन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने सूरजकुंड – बड़खल रोड से जुड़े क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर वाहनों की जांच भी की।

जिला खनन अधिकारी कमलेश बिधलान ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी वाहनों के पास वैध ई-रवाना बिल पाए गए। उन्होंने यह भी बताया कि चेकिंग के दौरान किसी भी स्थान पर अवैध खनन की गतिविधि नहीं पाई गई है, और यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन होता है, तो वे तुरंत आवश्यक कार्रवाई करेंगी। खनन विभाग की टीम राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख रास्तों पर लगातार सक्रिय रूप से तैनात है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिले में उन स्थानों पर जहां अवैध खनन की संभावना अधिक है, वहां पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।