March 7, 2026

जमीन के पैसे न मिलने से परेशान व्यक्ति ने जंगल में की आत्महत्या, भाजपा पार्षद के भाई पर गंभीर आरोप

Faridabad/Alive News: हरियाणा के फरीदाबाद में जमीन के पैसे न मिलने से परेशान एक व्यक्ति ने जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले व्यक्ति ने करीब 20 मिनट का वीडियो बनाया और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा। वीडियो और नोट में उसने जमीन विवाद से जुड़े लोगों के नाम लिए हैं और धोखाधड़ी व धमकियों का आरोप लगाया है।

मृतक की पहचान आनंगपुर घाटी तला मोहल्ला निवासी जयपाल भडाना (52) के रूप में हुई है। सुसाइड नोट में जयपाल ने आरोप लगाया कि जमीन खरीदने वाले व्यक्ति ने पैसे नहीं दिए और फर्जी दस्तावेज बनवाकर जमीन आगे बेच दी। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

सूरजकुंड थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमॉर्टम कराया। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

2016 में बेची थी जमीन
मृतक के बेटे निखिल भडाना ने बताया कि उसके पिता ने साल 2016 में अपनी एक बीघा जमीन देवेंद्र नामक व्यक्ति को बेची थी। सौदे के समय कुछ पैसे मौके पर दिए गए थे, जबकि बाकी रकम बाद में देने का वादा किया गया था।

फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी से जमीन बेचने का आरोप
निखिल का आरोप है कि लंबे समय तक पैसे नहीं मिलने पर उसके पिता ने कई बार देवेंद्र से संपर्क किया, लेकिन वह टालमटोल करता रहा। बाद में देवेंद्र ने कथित रूप से फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाकर जमीन जग्गे नामक व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री कर दी और आगे बेच दी। जब जयपाल को इस धोखाधड़ी का पता चला तो वे जमीन वापस मांगने लगे।

कब्जा लेने पहुंचे तो मिली धमकी
परिजनों का कहना है कि जब जयपाल दोबारा जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे तो जग्गे, दिनेश और विकल नामक लोगों ने उनके साथ झगड़ा किया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। इन घटनाओं के बाद जयपाल मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे।

जंगल में मिला शव
निखिल ने बताया कि 27 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे उनके पिता घर से यह कहकर निकले थे कि देवेंद्र से मिलने और सैर पर जा रहे हैं। शाम तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिवार ने तलाश शुरू की। करीब 2 किलोमीटर दूर जंगल में मोबाइल की घंटी की आवाज के सहारे परिजन वहां पहुंचे, जहां जयपाल का शव पेड़ से लटका मिला।

20 मिनट का वीडियो और सुसाइड नोट बरामद
पुलिस को जयपाल के पास से एक सुसाइड नोट और मोबाइल मिला है। सुसाइड नोट में जमीन विवाद का जिक्र करते हुए पांच लोगों के नाम लिखे गए हैं। मोबाइल में मिले 19 मिनट 35 सेकेंड के वीडियो में भी जयपाल ने उन लोगों के नाम लिए हैं, जिन पर पैसे न देने और धमकाने का आरोप है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि देवेंद्र, वार्ड-23 से भाजपा पार्षद गजेंद्र भडाना उर्फ लालजी का भाई है और वह राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर जयपाल को डराता था।

पुलिस जांच जारी
सूरजकुंड थाने के जांच अधिकारी एएसआई अमित कुमार ने बताया कि 27 दिसंबर की रात करीब 8 बजे पुलिस को आत्महत्या की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन के पैसे न मिलने और विवाद के कारण जयपाल मानसिक तनाव में था। सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।