March 7, 2026

कृष्ण पाल गुर्जर की अध्यक्षता में दिशा बैठक, 59 एजेंडों पर समीक्षा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लघु सचिवालय में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता फरीदाबाद सांसद एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने की। बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कुल 59 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जलभराव और सीवर समस्या के स्थायी समाधान के लिए एफएमडीए अधिकारियों की कड़ी जवाबदेही तय की गई। जेसीबी चौक, वाईएमसीए, सीकरी और गुडइयर सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में समयबद्ध ड्रेनेज सफाई और पंपिंग व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बड़खल झील के विकास कार्य दिसंबर 2025 तक पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

नगर निगम के कम्युनिटी सेंटरों का संचालन आरडब्ल्यूए के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया, जबकि सेक्टर-8 स्थित जर्जर कम्युनिटी सेंटर को तोड़कर नए सिरे से निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए। बल्लभगढ़ क्षेत्र में यातायात जाम कम करने के लिए वैकल्पिक यू-टर्न और डायवर्जन की व्यवस्था करने को कहा गया।

पूर्व व पश्चिम फरीदाबाद को जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल के लिए केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने आवश्यक भूमि निशुल्क उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बैठक में अवैध अतिक्रमण हटाने, सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, पौधारोपण और रखरखाव में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में उपायुक्त आयुष सिन्हा, नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।