May 3, 2024

दिव्यागों को मिलेगा रोजगार, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने दिया दिशा निर्देश

Gurugram/Alive News: नेशनल एब्लिंपिक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं सार्थक एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से दिव्यांगता पर आधारित सम्मेलन में आज उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पहुंचे। उन्होंने सेक्टर-45 में निर्मित सार्थक एजुकेशन ट्रस्ट के भवन का उद्घाटन भी किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण भी किया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 200 दिव्यांग भाग ले रहे हैं

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सभी सरकारी विभागों के कार्यालयों में दिव्यांगजनों के हिसाब से सुविधाएं होनी चाहिए। सभी विभाग दिव्यांगजनों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। अर्थव्यवस्था में हम पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस दशक के अंत तक देश चीन और जापान को पीछे छोड़ देगा। अब पूरी दुनिया भारत की तरफ देख रही है। अब हमें पश्चिम की तरफ देखने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान हमने पूरी दुनिया को संदेश दिया था। उस दौरान हमने 100 देशों की सहायता की। भ्रष्टाचार पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। कानून से उपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में दिव्यांगजनों की बड़ी भूमिका है। दिव्यांग की सहयाता के लिए आगे आने की जरूरत है। ये कई क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहे हैं।

धनखड़ ने कहा कि हमें सभी की सहजता के लिए कार्य करना होगा। प्रधानमंत्री दिव्यांगों के उत्थान के लिए काफी कुछ कर रहे हैं। दिव्यांगों के लिए कई कानून बनाए गए हैं। वहीं सार्थक संस्था का प्यार भी महान है। अब तक 70 हजार दिव्यागों को रोजगार उपलब्ध कराना एक असाधारण उपलब्धि हैं। मैं सार्थक में आकर धन्य हो गया। इस संस्था को बहुत-बहुत धन्यवाद।

वहीं, सार्थक शिक्षा ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. जितेंद्र अग्रवाल का कहना है कि वर्ष 2027 तक देश भर में 10 मिलियन दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण करना है। इधर, उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिलाधीश एवं उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने आयोजन स्थल के आसपास धारा 144 लागू कर दिया था। आयोजन स्थल के नजदीक धरना, प्रदर्शन एवं ड्रोन, पैराग्लाइड आदि फ्लाइंग आब्जेक्ट को आपरेट करने पर रोक लगा दी गई थी।