May 4, 2024

पुलिस महानिदेशक मे खेड़ी पुल पुस्तकालय का किया निरक्षण, पढ़िए खबर

Faridabad/Alive News : खेड़ी पुल पुलिस लाइन में चल रहे सरदार पटेल पुस्तकालय का काफी छात्र छात्राए लाभ उठा रहे हैं। पुलिस आयुक्त फरीदाबाद राकेश आर्य ने कहा कि पढ़ने की कोई उम्र नहीं होती। पुलिस लाईन परिसर में रहने वाले सभी आयु समूह के लोगों के लिए यह ज्ञान ग्रहण करने का सर्वोत्तम केन्द्र है। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन में चल रही जिम एवं लाईब्रेरी की सुविधा से युवाओं के समग्र व्यक्तित्व विकास में सहायक है। नई पुलिस लाईन परिसर में पुलिस परिवार के कल्याण के लिए पुस्तकालय, क्रेच और जिम की भी व्यवस्था है।

हाल ही में पुलिस महानिदेशक श्री शत्रूजित कपूर ने भी खेड़ी पुल पुस्तकालय का निरीक्षण किया था। उन्होने पुस्तकालय से मिलने वाले ज्ञान लाभ के बारे मे बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि लाइब्रेरी में अंग्रेजी व हिंदी के अलावा विदेशी भाषाओं की पुस्तके भी उपलब्ध हैं इसलिए छात्र इन पुस्तकों का पूरा फायदा उठाएं। विदेशी भाषाओं का ज्ञान होने से उन्हें विदेश में भी नौकरियां मिल सकती हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अपनी पढ़ाई के साथ-साथ एक्स्ट्रा करिकुलम एक्टिविटी पर भी ध्यान दें। इसके साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वाहन से यात्रा करते समय सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करना चाहिए। साइबर अपराध के बारे में उन्होंने बताया कि आजकल साइबर ठगी की वारदातें बहुत अधिक हो रही है। इससे बचाव के लिए अपने बैंक अकाउंट से संबंधित जानकारी किसी के साथ साझा न करें और अपने साथियों को भी इसके बारे में जागरूक करें।

पुस्तकालय मे उपलब्ध सुविधाए
पुस्तकालय में अत्याधुनिक फर्नीचर, डिजिटल प्लेटफार्म के लिए 18 कंप्यूटर, 6 किंडल और स्मार्ट बोर्ड के साथ साईबर युग में ई-बुक्स की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। स्पेनिश, फ्रेंच, जैपनिज एवं अंग्रेजी भाषा के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए लर्निंग केन्द्र में आनलाईन माध्यम से विशेष रूप से प्रशिक्षक उपलब्ध कराया गया है। भविष्य में इस पुस्तकालय को आधुनिक ज्ञान स्रोतों के रूप में एक बहुआयामी केन्द्र बनाने की योजना है। पुलिस लाइन खेड़ी पुल पुस्तकालय में एक समय में 35 व्यक्तियों के बैठने की सुविधा है। रोजाना काफी छात्र-छात्राए रजिस्ट्रेशन करवा रहें है, ये सभी पुलिसकर्मियों के बच्चे हैं जो दसवीं कक्षा से आगे की पढ़ाई कर रहे हैं।