Faridabad/Alive News: हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने वीरवार को फरीदाबाद जिले में आयोजित ‘समाधान शिविर’ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से जुड़ी जन-शिकायतों की गहन समीक्षा की और उनके त्वरित निवारण पर बल दिया। शिविर में उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजली श्रोत्रिया भी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। डॉ. खोला ने शिविर में आए नागरिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सीधा संवाद कर जमीनी स्तर की चुनौतियों का फीडबैक लिया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डॉ. सतीश खोला ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना, बल्कि मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्रुटियों के अविलंब समाधान हेतु कड़े निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीपीपी के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की तकनीकी त्रुटि या देरी को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान एक निश्चित समय सीमा के भीतर करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
डॉ. सतीश खोला ने बताया कि समाधान शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों तथा उनके निस्तारण की विस्तृत एवं समेकित रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रेषित की जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर राज्य स्तर पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे तथा जहां कहीं नीतिगत सुधार की आवश्यकता होगी, वहां प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
समाधान शिविर में सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

