October 3, 2024

हरियाणा की प्रगति बयां कर रही डिजिटल चैनलों की प्रदर्शनी

Faridabad/Alive News: 36 वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला के वीआईपी विजिटर गेट के पास हरियाणा के सूचना, लोकसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा लगाई गई डिजीटल प्रदर्शनी के माध्यम से पर्यटकों को हरियाणा की अद्भुत शैली तथा अभूतपूर्व चहुमुखी उन्नती एवं बढ़ते हरियाणा की तस्वीर प्रस्तुत की गई है। डिजिटल प्रदर्शनी में सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही सर्वांगीण विकास के क्षेत्र सहित समग्र रूप से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफार्म प्रणाली की सेवाओं सहित जल संरक्षण के लिए उठाए गए जन प्रभावित कदम के बारे में भी अवगत करवाए जा रहा है।

इस डिजिटल प्रदर्शनी में एक ओर जहां अंत्योदय परिवारों को चिरायु हरियाणा योजना के तहत पांच लाख रुपए की धनराशि तक वार्षिक स्वास्थ्य बीमा की सुविधा को भी प्रदर्शित किया गया है। वहीं दूसरी ओर हरियाणा प्रदेश के एक नवंबर 1966 के गठन से लेकर 2021 तक की जीडीपी, प्रत्येक व्यक्ति आय तथा साक्षरता की तुलनात्मक दर को भी प्रदर्शित किया गया है। डिजीटल पैनल के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए उठाए गए फैसलों को भी दर्शाया गया है। हरियाणा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 14 फसलों की खरीद करने वाला देश का पहला राज्य है। ऑनलाइन प्लेटफार्म प्रणाली के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर किसानों की फसलों की खरीद का भुगतान 72 घंटे में सीधा किसानों के खाते में किया जा रहा है। इसके अलावा सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में लिए गए अनेक फैसलों व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से प्रदेश के लिंगानुपात में हुए सुधार (913) को बारीकी से प्रदर्शित किया गया है।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर-1091 सेवा, महिला पुलिस थाने स्थापित करने सहित महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में दिए गए 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व को भी डिजिटल प्रदर्शनी में दिखाया गया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा अंत्योदय परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने के लिए चिरायु हरियाणा योजना के तहत परिवारों को 1500 हैल्थ पैकेज के तहत पांच लाख रुपए तक का मुफ्त ईलाज की सुविधाएं प्रदान करने की जानकारी भी इस प्रदर्शनी में दी गई है। प्रदेश में एक लाख 80 हजार रुपए से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को अच्छे चिकित्सा उपचार की सुविधा मुहैया करवाई जाने बारे की जानकारी भी प्रदर्शित की जा रही है।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई नई खेल निति, पदक विजेता खिलाडियों को हरियाणा सरकार देश में सर्वाधिक नकद पुरस्कार के अलावा उत्कृष्ट खिलाडियों के लिए रोजगार भी सुनिश्चित किया जाने की जानकारी को भी पैनल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा जल संरक्षण की दिशा में की गई नई बेहतर पहल के क्रियान्वयन को भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया है। नई पहल के तहत तालाबों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रत्येक बूंद-ज्यादा उत्पादन की अवधारणा के तहत सूक्ष्म सिंचाई पद्घतियों पर हरियाणा सरकार द्वारा दिए जा रहे हैं 85 प्रतिशत अनुदान को भी डिजिटल प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया है।