June 6, 2026

बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: डीएचबीवीएन फरीदाबाद सर्कल में खुलेंगे 5 नए सब-डिवीजन कार्यालय

faridabad representation photo

Faridabad/Alive News: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) फरीदाबाद सर्कल के उपभोक्ताओं के लिए एक राहत भरी खबर है। बिजली विभाग अपने प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए सर्कल में पांच नए सब-डिवीजन (उप-मंडल) कार्यालयों को शामिल करने जा रहा है।
​विभागीय योजना के अनुसार, इस विस्तार के तहत फरीदाबाद सर्कल में पांच नए कार्यालय खोले जा रहे हैं। इनमें पहला सब-डिवीजन कार्यालय हार्डवेयर चौक, दूसरा एसजीएम नगर, तीसरा सेक्टर-18, चौथा सेहतपुर और पांचवां धौज में स्थापित किया जा रहा है। इन नए केंद्रों के शुरू होने से स्थानीय निवासियों को बिजली से जुड़े कामों के लिए अब दूर नहीं भागना पड़ेगा।

​जनता को मिलेगा समस्याओं से जल्द छुटकारा
लू और भीषण गर्मी ​के चलते लगते बिजली कट तथा उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या के कारण मौजूदा सब-डिवीजन कार्यालयों पर काम का भारी दबाव है। इसके चलते बिलिंग, नए कनेक्शन, मीटर खराब होने और बिजली कट जैसी शिकायतों के निपटारे में काफी समय लग जाता है।

नए कार्यालयों के खुलने से ​शिकायतों का तुरंत होगा निपटारा
मौजूदा सब डिवीजन कार्यालयों के काम का भार का बंटवारा होने से उपभोक्ताओं की समस्याओं का जल्द निदान संभव होगा। स्थानीय स्तर पर कार्यालय होने से लोगों को लंबी लाइनों और लंबी दूरी तय करने से मुक्ति मिलेगी और समय की बचत भी होगी। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की निगरानी बढ़ने से फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्याओं को जल्द ठीक किया जा सकेगा, जिस से उपयोक्ताओं तक बेहतर बिजली आपूर्ति की जा सकेगी।

क्या कहना है अधिकारी का
​फरीदाबाद सर्कल में आबादी और बिजली उपभोक्ताओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। इन पांच नए सब-डिवीजन कार्यालयों के क्रियाशील होने से बिजली से संबंधित सेवाओं में पारदर्शिता आएगी और जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इन कार्यालयों को जल्द से जल्द पूरी तरह शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

  • जितेन्द्र ढूल, अधीक्षण अभियंता, डीएचबीवीएन