March 28, 2024

श्री सिद्धदाता आश्रम में आयोजित गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम में 28 देशों से पहुंचे भक्तगण

फरीदाबाद : श्री रामानुज संप्रदाय के प्रमुख तीर्थ क्षेत्र श्री सिद्धदाता आश्रम में श्री गुरु पूर्णिमा समारोह का आयोजन किया गया। यहां पर दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पहले दिन आठ जुलाई को दिल्ली एनसीआर से बाहर एवं विदेशों से आने वाले भक्तों को अवसर दिया गया। रविवार नौ जुलाई को दिल्ली एनसीआर से आने वाले भक्तों का मेला जुटेगा।

अनंतश्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने प्रात: संस्थापक स्वामी सुदर्शनाचार्य जी महाराज की समाधि एवं मंदिर में पूजन कर महोत्सव प्रारंभ करवाया। इस अवसर पर उन्होंने प्रवचन में कहा कि भक्त की सरलता भगवान को अतिप्रिय है। उन्होंने एक दृष्टांत के माध्यम से बताया कि कैसे एक सरल भक्त की रसोई पकाने के लिए भी भगवान तैयार हो जाते हैं। स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी ने कहा कि जो लोग किन्हीं विधियों से परमात्मा को प्राप्त करना चाहते हैं, उन्हें निराशा हो सकती है लेकिन सरल भक्त को भगवान भी मिलते हैं और भगवान की कृपा भी मिलती है। उन्होंने अनेक उदाहरणों के माध्यम से गुरु की महिमा के बारे में भी बताया।

स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने गुरु तेग बहादुर के शरीर को प्राप्त करने के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शिष्यों की कथा भी सुनाई। उन्होंने कहा कि गुरु के दिए वचनों को निभाने के लिए भगवान भी सहर्ष तैयार रहते हैं। स्वामी जी ने सभी भक्तों को व्यक्तिगत रूप से प्रसाद प्रदान किया। भक्तों की भारी संख्या देखते हुए बड़ी एलईडी के माध्यम से भी प्रवचन एवं कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। वहीं आश्रम के फेसबुक पेज के माध्यम से दुनिया भर में फैले भक्तों के लिए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।

इस अवसर पर मशहूर भजन गायक संजय पारिख व अन्य ने अनेक सुमधुर भजनों की धुनों पर भक्तों को झुमाया। वहीं हजारों भक्तों ने भोजन प्रसाद प्राप्त किया। यहां सेवाभावी शिष्यों द्वारा अनेक छबीलें भी लगाई गई थीं।