June 6, 2026

3.84 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ, वार्ड-31 में मूलभूत सुविधाओं को मिलेगी मजबूती

Faridabad/Alive News: शहर के समग्र विकास को नई गति देते हुए वार्ड-31, दौलताबाद के सेक्टर-16 ए स्थित हनुमान मंदिर के पास 3.84 करोड़ से अधिक की लागत से सीवरेज, पेयजल और सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में इन कार्यों की शुरुआत की और इसे जन सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर मंत्री विपुल गोयल ने क्षेत्र के नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे यहां जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं बल्कि अपने परिवार के सदस्य के रूप में आए हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी विश्वास को निभाते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि शुरू किए गए ये कार्य सीधे तौर पर लोगों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाएंगे। सीवरेज व्यवस्था के सुदृढ़ होने से स्वच्छता में सुधार होगा और बीमारियों में कमी आएगी। पेयजल व्यवस्था बेहतर होने से लोगों को राहत मिलेगी, वहीं सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

मंत्री जी ने कहा कि विकास केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि हर गली, हर मोहल्ले और हर घर तक पहुंचेगा। इस दौरान उन्होंने वार्ड की पार्षद शेफाली सिंगला, कर्ण सिंगला और पंकज सिंगला के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग और निरंतर प्रयासों से ही इस प्रकार के विकास कार्य संभव हो पाते हैं। उन्होंने टीमवर्क को विकास की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही क्षेत्र को नई दिशा दी जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और विकास कार्यों के शुभारंभ पर खुशी व्यक्त की। लोगों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर संतोष जताया और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इसी तरह विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

इस अवसर पर कर्ण सिंगला, शैफाली सिंगला, महंत लक्ष्मीनारायण, संत गोपाल, मुकेश अग्रवाल, सचिन शर्मा, अजीत नंबरदार, सुभाष आहूजा, प्रवेश मेहता, गोल्डी गिर्धर, संदीप गिर्धर, रेनू गुप्ता, अविल चांदीवाले, खेमचंद, नीरज मिगलानी, जोगिंदर, बी. सतीश, दिनेश (भोला), दीपक दौलताबाद, एसपीसी मित्तल, हरबल जी, डॉ. पी.एस. रात्रा, पवन (ब्रदरहुड), नाजिम मोहम्मद, प्रभु दयाल जी, बसीर खान एवं बंसी लाल जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।