Faridabad/Alive News: कृष्ण पाल गुर्जर ने आज वार्ड 15 और 16 में विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पार्कों के सौंदर्यीकरण, जल संरक्षण, सड़क-नाली निर्माण सहित कुल 18 विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है, जिन पर करीब 3 करोड़ 99 लाख 49 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मेट्रो विस्तार योजना के तहत फरीदाबाद को नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा तक जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है और इसका काम 2026 के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य है। साथ ही पलवल तक मेट्रो विस्तार की योजना भी तैयार है। लगभग 30 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना के पूरा होने के बाद फरीदाबाद से दिल्ली एयरपोर्ट, नोएडा और ग्रेटर नोएडा तक सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि शहर में पुराने रेलवे फाटकों को हटाकर उनकी जगह रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास बनाए जा रहे हैं, जिससे जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
मंत्री ने एलपीजी की कमी की अफवाहों का भी खंडन करते हुए कहा कि गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से सिलेंडर बुकिंग या स्टॉक न करने की अपील की।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, पार्षद जसवंत सिंह, पार्षद सुमन बाला सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

