September 28, 2024

प्रिंसेस पार्क में आवारा कुत्तों के आतंक के खिलाफ मातृ शक्ति का प्रदर्शन

Faridabad/Alive News:  ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-86 स्थित प्रिंसेस पार्क के निवासियों ने आवारा कुत्तों के आतंक से त्रस्त होकर आज थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय मातृ शक्ति ने बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया। प्रिंसेस पार्क में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों ने निवासियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा कर दिया है। बुजुर्ग और बच्चे विशेष रूप से इस समस्या से प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं ने थाली बजाकर अपनी परेशानी का प्रदर्शन किया, जिससे प्रशासन और आवारा कुत्तें प्रेमियों का ध्यान आकर्षित हो सके। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को जागरूक करना और त्वरित कार्रवाई की मांग करना था।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने और निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

प्रदर्शन के दौरान क्या कहा महिलाओं ने-
हम अपने परिवार के बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठा रहे हैं। आवारा कुत्तों का आतंक अब सहन नहीं किया जा सकता। प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रिंसेस पार्क के निवासियों का यह प्रदर्शन प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है, और उम्मीद की जा रही है कि इस समस्या का जल्द ही समाधान निकाला जाएगा।