June 26, 2024

दिल्ली: चूड़ीवाला इलाके में मस्जिद के गिरने से मचा हड़कंप, अफरा तफरी का माहौल

Delhi/Alive News: पुरानी दिल्ली के चूड़ीवाला इलाके में आज एक बड़ा हादसा हो गया है। यहां सड़क धंसने की वजह से एक मस्जिद अचानक भरभराकर गिर गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि कुछ लोग मस्जिद से दूर खड़े होकर उसका वीडियो बना रहे हैं। अचानक मस्जिद गिर जाती है, जिससे अफरा-तफरी मच जाती है।

क्या है पूरा मामला?
इस मस्जिद को करीब 10 साल पहले बनाया गया था और ये संगमरमर की मस्जिद के नाम से फेमस थी। आज सुबह के वक्त पुलिस को ये सूचना मिली कि मस्जिद के सामने सड़क धंस गई। इसके बाद पुलिस ने आस-पास की दुकानों को खाली कराया, जिससे कोई अनहोनी ना हो।

दोपहर में अचानक ये मस्जिद भरभराकर गिर गई। गनीमत ये रही कि इसकी जद में कोई इंसान नहीं आया क्योंकि पुलिस ने पहले ही आस-पास के इलाके को खाली करा लिया था। अब पुलिस और प्रशासन इस बात की जांच में जुटा है कि सड़क क्यों धंसी।

इसके अलावा स्थानीय मुसलमानों का कहना है कि मस्जिद को दोबारा बनाया जाए। फिलहाल मलबे को सड़के से हटाने का काम जारी है।