September 23, 2026

दिल्ली सरकार की नई योजना: मेट्रो-बस से सफर करने पर मिलेगा एक्स्ट्रा पैसा

दिल्ली मेट्रो और डीटीसी बस में सफर करते यात्री, सरकारी कर्मचारियों के लिए शुरू की गई नई प्रोत्साहन योजना का प्रतीकात्मक दृश्य।

New Delhi/Alive News: दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु नई योजना शुरू की है। इस योजना के तहत जो कर्मचारी अपनी कार या बाइक की बजाय मेट्रो और डीटीसी बसों से ऑफिस आएंगे-जाएंगे, उन्हें हर महीने ट्रांसपोर्ट अलाउंस के अलावा 10% अतिरिक्त राशि दी जाएगी।

कैसे मिलेगा लाभ?

सरकार के अनुसार कर्मचारियों को अपने मासिक ट्रांसपोर्ट अलाउंस (महंगाई भत्ता छोड़कर) का कम से कम 25% हिस्सा डीटीसी के कॉमन मोबिलिटी कार्ड में रिचार्ज कराना होगा। ऐसा करने पर उन्हें उनके ट्रांसपोर्ट अलाउंस का 10% अतिरिक्त प्रोत्साहन भत्ता मिलेगा।

यह अतिरिक्त राशि हर महीने वेतन के साथ दी जाएगी।

क्या है कॉमन मोबिलिटी कार्ड?

कॉमन मोबिलिटी कार्ड एक ऐसा कार्ड है जिसका उपयोग दिल्ली मेट्रो और डीटीसी बसों में यात्रा के लिए किया जा सकता है। योजना में शामिल होने वाले कर्मचारियों को उनकी सहमति के बाद डीटीसी की ओर से यह कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके बाद हर महीने उनके ट्रांसपोर्ट अलाउंस का 25% हिस्सा स्वतः इस कार्ड में जमा कर दिया जाएगा।

बाकी अलाउंस का क्या होगा?

कर्मचारियों को ट्रांसपोर्ट अलाउंस का शेष 75% हिस्सा पहले की तरह वेतन के साथ मिलता रहेगा। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट अलाउंस पर मिलने वाला महंगाई भत्ता (DA) भी पूरी राशि पर पहले की तरह जारी रहेगा।

क्या योजना में शामिल होना जरूरी है?

नहीं, यह योजना पूरी तरह स्वैच्छिक है। कर्मचारी अपनी इच्छा से इसमें शामिल हो सकते हैं। जो कर्मचारी योजना का लाभ नहीं लेना चाहते, वे अपने विभागाध्यक्ष को इसकी जानकारी देकर पहले की तरह सामान्य ट्रांसपोर्ट अलाउंस प्राप्त कर सकते हैं।

किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा?

यह योजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (GNCTD) के कर्मचारियों के लिए लागू की गई है। इसके अलावा दिल्ली सरकार के अधीन आने वाले:

  • स्वायत्त निकाय
  • स्थानीय निकाय
  • बोर्ड
  • सोसायटी
  • अनुदान प्राप्त संस्थान

के कर्मचारी भी निर्धारित नियमों के अनुसार इसका लाभ उठा सकेंगे।

छह महीने तक चलेगी योजना

फिलहाल सरकार ने इस योजना को छह महीने के लिए लागू किया है। इसके बाद इसकी समीक्षा की जाएगी। यदि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं, तो योजना को आगे भी जारी रखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा शुरू किए गए 90 दिवसीय ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान के तहत सरकारी कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।