March 10, 2026

25 सितम्बर को होगा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की एप का शुभारंभ : डीसी 

उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने आज दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना, जीएसटी सुधार आउटरीच अभियान, समाधान शिविर के लंबित केस, और श्रमिक सेवा एवं जागरूकता  कार्यक्रम को लेकर सेक्टर-15 स्थित कैंप कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।  

डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से सामाजिक न्याय अधिकारिता अनुसूचित जाति एवं पिछडे वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक कदम और आगे बढ़ाते हुए महिलाओं के सामाजिक व आर्थिक सम्मान के लिए 25 सितंबर को एक महत्वाकांक्षी योजना दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 25 सितंबर को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के मोबाइल एप का पंचकूला से शुभारम्भ करेंगे। इसी दिन फरीदाबाद सहित राज्य के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। फरीदाबाद में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, बल्लभगढ़ विधायक एवं पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी विधायक सतीश फागना और टेकचंद शर्मा मुख्य अतिथि होंगे।

महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविरों का भी होगा आयोजन
डीसी विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर पात्र महिलाओं को महीने के 2100 रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। इस योजना के लिए आवश्यक एप के शुभारंभ अवसर के साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं के लिए सभी स्वास्थ्य जांच केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे और स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी स्वास्थ्य जांच शिविरों के लिए महिलाओं को प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने योजना से संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस योजना के शुभारम्भ कार्यक्रम की व्यवस्था बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए।

हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-4880500 जारी किया
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार ने अपनी प्रमुख योजना ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ (डीडीएलएलवाई) के सफल और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 0172-4880500 स्थापित किया है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से योजना से संबंधित सभी प्रश्न, शंकाएं और समस्याएं सीधे निपटाई जाएंगी। लाभार्थी या अन्य नागरिक इस नंबर पर संपर्क करके योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और किसी भी प्रकार की सहायता ले सकते हैं।

योजना के लिए आवश्यक पात्रता
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 23 वर्ष या इससे अधिक होनी चाहिए। वह कम से कम 15 वर्ष से हरियाणा की निवासी होनी चाहिए। इसके अलावा परिवार की आय एक लाख रुपए वार्षिक होनी चाहिए। तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कैंसर पीड़ित महिला, दुर्लभ बीमारियों से ग्रसित महिला, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया से ग्रसित महिला जो पहले से किसी अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ न ले रही हो वह ही दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पात्र हैं।

योजना के दायरे से यह रहेंगे बाहर
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा/ निराश्रित महिला के लिए वित्तीय सहायता, दिव्यांग पैशन, लाडली सामाजिक सुरक्षा योजना, कश्मीरी विस्थापित परिवार के लिए वित्तीय सहायता, बौना भत्ता, तेजाब पीड़ित महिला/लडक़ी को वित्तीय सहायता, अविवाहित महिला को वित्तीय सहायता, पद्म पुरस्कार विजेताओं के लिए हरियाणा गौरव सम्मान योजना का लाभ लेने वाली महिलाएं दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।

पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया होगी नि:शुल्क, पंजीकरण के बदले पैसे मांगने वालों पर होगी एफआईआर
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ लेने के लिए महिला के पास हरियाणा का स्थायी निवासी प्रमाण पत्र, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, परिवार व ससुराल (यदि विवाहित हो) के सभी सदस्यों के आधार कार्ड, बिजली बिल का कनेक्शन नंबर, एचकेआरएन पंजीकरण (यदि बेरोजगार हो), रजिस्टर्ड वाहनों का विवरण तथा महिला के नाम से बैंक खाता होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 25 सितम्बर से शुरू होगी, जो जिला, उपमंडल, खंड, वार्ड और गांव स्तर पर आयोजित शिविरों में पूरी तरह निःशुल्क होगी। सरल केंद्र से डोमिसाइल बनवाने हेतु 30 रुपये शुल्क लिया जाएगा। डीसी ने स्पष्ट किया कि योजना का पंजीकरण कराने के बदले यदि कोई व्यक्ति पैसे मांगता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

बैठक में एडीसी सतबीर मान, सीईओ जिला परिषद शिखा, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों अधिकारीगण मौजूद रहे।