April 20, 2024

कोरोना के मामलों में गिरावटः देश में बीते 24 घंटे में आए 3 लाख 6 हजार नए मामले, 439 मरीजों की मौत

New Delhi/Alive News: देश में कोरोना का कहर लगातार जारी है। हालांकि इस बीच राहत की बात यह है कि कल की अपेक्षा आज कोरोना के दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार देश में बीते 24 घंटे में 3 लाख 6 हजार 64 नए मामले सामने आए हैं जो कि रविवार की तुलना में 27,469 कम हैं। इस दौरान 439 मरीजों की मौत हुई है। सबसे अधिक चिंता करने वाली बात यह है कि देश में अब भी 21 लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं। हालांकि इस दौरान 2 लाख, 59 हजार 168 लोग स्वस्थ भी हो गए।

देश में दैनिक पॉजिटिविटी रेट बढ़कर अब 17.78 फीसदी हो गई है। देश में एक्टिव केस कुल केस के 5.57 फीसदी हैं। वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 17 फीसदी से ऊपर है। भारत में सबसे ज्यादा मामले कर्नाटक में आए हैं। जहां कि बीते 24 घंटे में संक्रमित मरीजों की संख्या 50 हजार से अधिक(50,210) आई है। केरल में 45,449 केस, महाराष्ट्र में 40,805 केस, तमिलनाडु में 30,580 केस और गुजरात में 16,617 मरीज मिले हैं।

इन पांच राज्यों में देश के कुल संक्रमित मरीजों की संख्या के 60.01 फीसदी मामले आए हैं। कर्नाटक में तो अकेले 16.41 फीसदी नए मामले आए हैं। देश में अब तक कोरोना वैक्सीन की 162.26 करोड़ खुराक लगाई गईं। देश में अब तक कोरोना वैक्सीन की 162.26 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 21 जनवरी तक देश में 71.50 करोड़ से अधिक कोरोना सैंपलों की जांच की जा चुकी हैं। इनमें 14,74,753 सैंपलों की जांच बीते 24 घंटों में की गई।