March 13, 2026

डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में एआई के बदलावों पर ट्रेनिंग सेशन का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के पत्रकारिता विभाग द्वारा Google.org के सहयोग से चल रहे ADIRA प्रोग्राम के तहत “एआई इन न्यूज़ मीडिया: ट्रांसफॉर्मिंग द इंडस्ट्री” विषय पर एक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार और एआई पॉलिसी एक्सपर्ट जतिन गांधी रहे।

सत्र के दौरान उन्होंने जेनरेटिव एआई की कार्यप्रणाली को समझाते हुए बताया कि ChatGPT जैसे आधुनिक टूल्स मीडिया इंडस्ट्री में रिसर्च, डेटा एनालिसिस और कंटेंट क्रिएशन के तरीकों को तेजी से बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एआई पत्रकारों के काम को आसान बना सकता है, लेकिन इसका उपयोग करते समय नैतिक मानकों का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है।

उन्होंने कंप्यूटर और इंसानी सोच के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि जहां कंप्यूटर डेटा को तेजी से प्रोसेस करते हैं, वहीं पत्रकारिता में इंसानी समझ, रचनात्मकता और नैतिक निर्णय की अहम भूमिका होती है। साथ ही उन्होंने मशीन लर्निंग और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी तकनीकों के बढ़ते प्रभाव पर भी चर्चा की।

कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की संयोजिका पत्रकारिता विभागाध्यक्ष रचना कसाना रहीं। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. इमराना खान, महाविद्यालय पीआरओ वीरेंद्र सिंह और सहायक प्राध्यापिका हिमानी जांगड़ा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज फॉर विमेन के पत्रकारिता विभाग से डॉ. रचना सैनी और सुरेश कुमार भी अपने विद्यार्थियों के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में लगभग 60 छात्रों ने भाग लिया और एआई के बदलते मीडिया परिदृश्य को समझने का अवसर प्राप्त किया।