Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने टेलीग्राम टास्क के नाम पर ठगी करने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त साइबर अभिषेक जोरवाल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-19 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 12 फरवरी को उसे कॉल कर टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने के बदले पैसे कमाने का लालच दिया गया। शुरुआत में उसे लगभग 2 हजार रुपये दिए भी गए, लेकिन बाद में अलग-अलग टास्क के बहाने उससे 94,801 रुपये ले लिए गए और पैसे वापस नहीं किए गए। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल ने मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अकबर (30), निवासी जिला डींग, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि अकबर खाते में आए ठगी के पैसों को एटीएम और ई-मित्र/सीएससी के जरिए निकालता था। वह 10वीं पास है और गांव में ई-मित्र संचालित करता है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
इससे पहले पुलिस साबिर (खाताधारक), मुकद्दर और रहिश को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

