Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना एनआईटी ने RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल फोन हैक करने और 2.41 लाख की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर निवासी दक्ष कालरा और राजा पासवान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बल्लभगढ़ की राजीव कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 11 जून 2026 को उसके व्हाट्सएप पर RTO चालान के नाम से एक APK फाइल भेजी गई। फाइल डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद 11 और 12 जून को शिकायतकर्ता और उसकी मां के बैंक खातों से कुल ₹2,41,710 की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। इनमें शिकायतकर्ता के खाते से ₹44,000 और उसकी मां के खाते से सात अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए ₹1,97,710 निकाले गए।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी दक्ष और राजा ने ठगी की रकम को USDT (क्रिप्टोकरेंसी) में बदलकर एक अन्य खाते में ट्रांसफर किया था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी हरदीप ने दोनों को ठगी के ₹95,000 दिए थे, जिन्हें इन्होंने USDT में परिवर्तित किया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

