Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की पुलिस ने टास्क के नाम पर ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है।
गांव नीमका के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 12 मई को टेलीग्राम पर एक लिंक भेजकर उसका खाता खुलवाया गया। फिर उसे अलग-अलग टास्क दिए गए और इसी बहाने ठगों ने उससे 2,48,371 रुपये अपने खाते में डलवा लिए। बाद में जब उसने पैसे वापस मांगे तो उससे और 3,66,978 रुपये की मांग की गई।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच में मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली एक महिला अंजू (काल्पनिक नाम) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि महिला ठगों के खातों को मैनेज करती थी और ठगी के पैसों को निकालकर यूएसडीटी में बदलकर आगे भेज देती थी।
गिरफ्तार महिला इंदौर में कंस्ट्रक्शन कांट्रेक्टर का काम करती है। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

