November 15, 2026

अमेरिका से गिफ्ट भेजने के नाम पर 18 लाख की ठगी, 3 गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ की एक महिला से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर अमेरिका से मंहगा गिफ्ट भेजने का झांसा देने और कस्टम अधिकारी बनकर 18 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू, अभिषेक और पवन निवासी जिला बस्ती, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।​

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बल्लभगढ़ निवासी महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में दी अपनी शिकायत में बताया कि 15 अक्टूबर 2026 को उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक युवक का मैसेज आया था। बातचीत बढ़ने पर दोनों ने व्हाट्सएप नंबर एक्सचेंज कर लिया। इसके 2-3 दिन बाद कथित युवक ने मैसेज कर बताया कि उसने उनके लिए अमेरिका से एक कीमती गिफ्ट भेजा है।

​इसके अगले ही दिन महिला के पास एक अनजान नंबर से फोन आया, फोन करने वाले ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बताया। उसने कहा कि अमेरिका से आया गिफ्ट डिलीवर करने के लिए 15 हजार रुपये टोकन मनी लगेगी। इसके बाद कथित कस्टम अधिकारी ने तरह-तरह के शुल्क का डर दिखाकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए महिला से कुल 18 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिये। जब ठगों की मांग और बढ़ने लगी और कोई गिफ्ट नहीं मिला, तो ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

​पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा​मामले की गंभीरता को समझते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से तीनों आरोपियों को दबोच लिया।​

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार रिंकू मुख्य खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता आगे अभिषेक को दिया था।​ अभिषेक ने वही खाता आगे पवन को उपलब्ध कराया था।​ ये तीनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और ग्रेजुएशन (स्नातक) की पढ़ाई कर रहे हैं।​ मुख्य खाताधारक रिंकू के खाते में ठगी के 90 हजार रुपये आए थे।​

रिंकू से की गई गहन पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि उसके तीन अन्य बैंक खाते भी साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए हैं, जिनमें ठगी का पैसा ट्रांसफर हुआ था।

​पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर नियमानुसार जेल भेज दिया है। मामले में संलिप्त अन्य अपराधियों की धरपकड़ के लिए भी पुलिस की जांच जारी है।