March 12, 2026

फरीदाबाद में पूरे साल होंगे सांस्कृतिक फेस्टिवल, फ्लावर शो से होगी शुरुआत

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद अब इंडस्ट्रियल सिटी की पहचान के साथ-साथ शहर को सांस्कृतिक पहचान देने की दिशा में भी कदम बढ़ा रहा है। इसके तहत पूरे साल अलग-अलग सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए एक वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा। इन आयोजनों की शुरुआत फ्लावर शो से होगी, जिसका उद्घाटन शनिवार को कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल करेंगे।

मेयर प्रवीण बत्रा जोशी और नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने गुरुवार को फ्लावर शो के संबंध में जानकारी दी। मेयर प्रवीण जोशी ने बताया कि अब तक फरीदाबाद को केवल एक इंडस्ट्रियल सिटी के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब नगर निगम इसे कल्चरल सिटी के रूप में भी पहचान दिलाने के लिए प्रयास कर रहा है।

उन्होंने बताया कि पूरे साल थिएटर शो, मेहंदी प्रतियोगिता, फूड फेस्टिवल समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। फ्लावर शो में विभिन्न प्रकार के आकर्षक फूलों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यहां आने वाले लोग ग्लेडियोलस, स्वोर्डटेल, पेटुनिया, मैरीगोल्ड, डेज़ी, गुलदाउदी, ऑर्किड और वांडा फैमिली के सुंदर फूलों को करीब से देख सकेंगे।

फ्लावर शो के दौरान अलग-अलग स्टॉल्स पर फ्लोरल एग्जिबिट प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही आगंतुकों के लिए स्वादिष्ट फूड स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि फ्लावर शो के समाप्त होने के बाद अगले कार्यक्रमों की तैयारी भी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) टाउन पार्क में फ्लावर शो आयोजित करता था, लेकिन पिछले छह वर्षों से यह कार्यक्रम बंद था। आर्थिक तंगी के कारण HSVP ने इस आयोजन को रोक दिया था।

फ्लावर शो से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नागरिक मोबाइल नंबर 98117-15068 और 84473-18015 पर संपर्क कर सकते हैं या faridabadflowershow@gmail.com पर ईमेल कर सकते हैं।