Faridabad/Alive News: एनआईटी दशहरा मैदान में मंगलवार सुबह 11 बजे से ही दशहरा मेले में लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी की, वहीं बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों और सवारियों का आनंद लिया। मैदान में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले दहन के लिए तैयार खड़े रहे। लोगों ने इन पुतलों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर दशहरे की यादों को कैमरे में कैद किया। शाम छह बजे के बाद पुतलों का दहन किया जाना था।
मेले में जगह-जगह लगी दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। खाने-पीने के सामान से लेकर खिलौनों और अन्य चीजों की खरीदारी के लिए लोग पहुंचते रहे। बच्चों के मनोरंजन के लिए मैदान के अंदर ऊंट और घोड़े की सवारी के साथ गोरिल्ला जैसी फन एक्टिविटीज भी देखने को मिलीं। बच्चों ने इनका खूब आनंद लिया। मैदान के बाहर भी लगे झूलों का बच्चों ने लुत्फ उठाया।
झूले नहीं लगने से बच्चे मायूस
मेले में पहुंचे कुछ लोगों ने मैदान के अंदर झूले नहीं होने पर निराशा जताई। उनका कहना था कि झूले मेले का खास आकर्षण होते हैं और बच्चे इन्हीं के लिए उत्साह के साथ आते हैं। हालांकि, मैदान के बाहर झूले लगे होने से बच्चों को मनोरंजन का मौका मिला। लोगों का कहना था कि खरीदारी और खाने-पीने के साथ झूलों का आनंद ही मेले को खास बनाता है।
हर गेट पर पुलिस तैनात, बच्चों पर विशेष ध्यान
मेले में भीड़ को देखते हुए दशहरा मैदान के हर गेट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। पुलिसकर्मी अलग-अलग स्थानों पर नजर रखते हुए व्यवस्था संभालते दिखाई दिए। मेले में परिवार के साथ आए लोगों को बच्चों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत रही, क्योंकि भीड़ के बीच उनके बिछड़ने का खतरा बना रहता है। कुल मिलाकर, दशहरे के अवसर पर मेले में खरीदारी, सवारी और मनोरंजन के बीच लोगों में उत्साह देखने को मिला।

