March 7, 2026

39वें अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर क्राफ्ट मेले में उमड़ा जनसैलाब, बीन-नगाड़ा पार्टी ने मोहा मन

Faridabad/Alive News: 15 फरवरी तक चलने वाले 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर क्राफ्ट मेले के दूसरे दिन रविवार को हजारों की संख्या में पर्यटक मेले में पहुंचे। मेला परिसर में स्वदेशी उत्पादों की सुगंध, लोक संगीत की गूंज और परंपरागत संस्कृति की झलक ने आगंतुकों को खासा आकर्षित किया।

मेले में हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति का रंग उस समय और गहरा हो गया, जब बीन व नगाड़ा पार्टी के कलाकारों ने जोरदार प्रस्तुति देकर पर्यटकों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। ‘लोकल टू ग्लोबल – आत्मनिर्भर भारत की पहचान’ थीम के साथ आयोजित इस मेले में स्वदेशी, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

बीन और नगाड़ों की थाप पर युवा खुद को रोक नहीं पाए और झूमते हुए नाचने लगे। कई युवाओं ने मोहक अंदाज में नृत्य कर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। नगाड़ों की गूंज और बीन की मधुर धुन पर देशी ही नहीं, बल्कि विदेशी पर्यटक भी थिरकते नजर आए।

बीन-नगाड़ा पार्टी के कलाकारों ने ढोल, झांझ, खंजरी, खड़ताल, चिमटा और ढप जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की सजीव प्रस्तुति देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इन लोक वाद्यों की धुनों ने मेले के माहौल को जीवंत बना दिया, जिससे सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर क्राफ्ट मेला संस्कृति और उत्सव का प्रतीक बनकर उभरा।