Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने थाना बी.पी.टी.पी. क्षेत्र में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शास्त्री कॉलोनी निवासी अजय ने वर्ष 2025 में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत थाना बी.पी.टी.पी. में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूत्रों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव सोनम, निवासी नंगला एन्क्लेव पार्ट-1, सारन फरीदाबाद को गुरुग्राम कैनाल के पास से दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर इसे चुराया था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

