May 8, 2024

इंडिया गठबंधन के लिए चुनाव से ज्यादा देश और लोकतंत्र महत्वपूर्ण : डॉ. सुशील गुप्ता

Kalayat(Kaithal)/Alive News: आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से “इंडिया” गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ . सुशील गुप्ता आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता की संयुक्त बैठक में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश (जेपी) और सुखबीर चहल मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व सरपंच पवन कुमार, राजेश सरपंच, रणधीर प्योदा, सतीश जांगड़ा, एसडीओ बलबीर सजुमा, गज्जन सिंह, रामकुमार, सुनील सहारण, प्रदीप कुराड़, सतपाल बेदी और सत्यवान मौजूद रहे।

मौके पर डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी ने लोकतंत्र खत्म करने की ठान रखी है। ईडी, सीबीआई का गलत इस्तेमाल, लोगों की अभिव्यक्ति पर रोक और हर व्यक्ति को डर के साए में जीने को मजबूर कर रखा है। लेकिन अब भाजपा के दिन जा चुके हैं क्योंकि लोकतंत्र को बचाने के लिए ही इंडिया गठबंधन बना है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए तीन लोगों का पैनल बनाया जिसमें प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश का नाम था। लेकिन भाजपा ने संख्या के बल पर उस फैसले को पलट दिया और कानून बनाया कि चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रधानमंत्री, एक उनका मंत्री और नेता प्रतिपक्ष करेगा, यानी कि दो तिहाई बहुमत भाजपा का होगा और एक तिहाई विपक्ष का।

उन्होंने कहा कि कोई पार्टी और चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है, इस समय देश और लोकतंत्र सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है जिसको बचाने के लिए इंडिया गठबंधन बना है। जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है। जो भाजपा खेलो इंडिया, स्टार्टप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे नारे देती थी, लेकिन जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से हर जगह से भाजपा इंडिया शब्द को हटाने पर लग गई। लेकिन इंडिया नाम कहां-कहां से हटाएंगे क्योंकि अंत में इंडिया ही जीतेगा। जब खबरें आती थी कि इंडिया गठबंधन नहीं बनेगा तो भाजपा वालों के चेहरे खिलते थे लेकिन जब इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा घबराई हुई है, क्योंकि इस बार पीएम मोदी की विदाई तय है। जब इस विदाई तय की बात आई तो इन्होंने अरविंद केजरीवाल को ईडी के नोटिस भेजने शुरु कर दिए, ताकि गठबंधन टूट जाए। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने कहा जेल से सरकार चला लेंगे लेकिन इंडिया गठबंधन नहीं तोड़ेंगे।

पूर्व विधायक जेपी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कलायत मेरी जन्म भूमि है, आज मैं जो कुछ भी हूं कलायत की वजह से हूं। उन्होंने कहा कि डॉ. गुप्ता सुशील गुप्ता हमारे और अपने हैं। इन पर चौधरी भूपेंद्र हुड्डा भी विश्वास करते हैं। इसलिए इनको कुरुक्षेत्र सीट इनको दी गई है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को हमारे इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ सुशील गुप्ता को कुरुक्षेत्र लोकसभा से भारी बहुमत से जीताना है और इंडिया गठबंधन को मजबूत बनाना है।

उन्होंने कहा कि किसानों का अपमान करने वाली और इस तानाशाह सरकार को खत्म करने के लिए सभी को आम आदमी पार्टी के चुनाव निशान झाड़ू का बटन दबाना है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस इंडिया गठबंधन के तहत मिलकर हरियाणा का विकास करेंगे।