June 18, 2025

प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करने पर निगम की कार्रवाई लगातार जारी, दो दिन में 43 लाख से अधिक की रिकवरी

Faridabad/Alive News: प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करने पर नगर निगम ने शुरु की सीलिंग कार्यवाही। इस दौरान निगम की सख्ती और सीलिंग कार्रवाई के परिणामस्वरूप केवल दो दिन में लगभग 43 लाख रुपए से अधिक की रिकवरी की गई है, वहीं 28 लाख रुपए बकाया होने पर चार यूनिटों को सील भी किया गया है।

निगम अधिकारियों के अनुसार, सभी जोनों में टैक्स बकायेदारों के खिलाफ अभियान तेजी से चल रहा है। इस दौरान ओल्ड फरीदाबाद जोन में दो दिनों में लगभग 44 लाख रुपए की वसूली की गई है। इसके अलावा एनआईटी जोन-1 के नेहरू ग्राउंड क्षेत्र में स्थित चार व्यावसायिक यूनिटों को सील किया गया है, जिन पर करीब 28 लाख रुपए का बकाया था।

निगम अधिकारियों ने बताया कि सीलिंग कार्रवाई के भय से पेट्रोल पंप, एक निजी अस्पताल, शराब के ठेके और कुछ सरकारी संस्थाओं ने भी अपने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर दिया है।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों के तहत यह अभियान क्षेत्रीय कर अधिकारियों द्वारा निरंतर चलाया जा रहा है। मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय कर अधिकारी विकास कन्हैया ने जानकारी दी कि नगर निगम को मिलने वाला टैक्स शहर के विकास कार्यों में खर्च किया जाता है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समय पर अपना टैक्स जमा करें और शहर के विकास में सहयोगी बनें। साथ ही स्पष्ट किया कि बकाया जमा न करने की स्थिति में निगम की ओर से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।